दिबियापुर (औरैया)। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर फफूंद रेलवे स्टेशन के पास सोमवार तड़के गुवाहाटी पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (22450 डाउन) के एसी कोच से रेलवे ट्रैक के किनारे से जा रहा ट्रैक्टर टकरा गया। इससे ट्रेन पलटने से बाल-बाल बच गई। ट्रैक्टर की टक्कर से हुई तेज आवाज से यात्री सहम गए। ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी और अधिकारियों को सूचना दी। हादसे के बाद अलग-अलग स्टेशनों पर कई ट्रेनें खड़ी रहीं। 50 मिनट की मशक्कत के बाद ट्रैक बहाल कर ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
नई दिल्ली से गुवाहाटी जा रही गुवाहाटी पूर्वोत्तर एक्सप्रेस सुबह तकरीबन पांच बजकर पांच मिनट पर गांव केंजरी में बनी रेलवे क्रासिंग से गुजर रही थी। ड्राइवर को अचानक किसी चीज के ट्रेन से टकराने से तेज धमाका सुनाई दिया। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। देखा कि ट्रैक किनारे आया एक ट्रैक्टर ट्रेन के एसी कोच में लगी सीढ़ियों से टकरा गया।
इससे जहां ट्रैक्टर के परखचे उड़ गए, वहीं कोच में लगीं सीढ़ियां टूटकर दूर जा गिरीं। एसी कोच में बैठे यात्रियों के मुताबिक उन्हें लगा कि जैसे ट्रेन पलट गई है। अचानक सभी कोचों के यात्री निकलकर बाहर आने लगे। जैसे ही रेल प्रशासन को घटना की जानकारी मिली तो हड़कंप मच गया।
आनन-फानन फफूंद रेलवे स्टेशन से तकनीकी स्टाफ एवं आरपीएफ के थाना प्रभारी रजनीश राय, एसआई गुड्डू भारती समेत कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। तकनीकी टीम ने क्षतिग्रस्त कोच की पड़ताल शुरू की। आरपीएफ एवं अन्य स्टाफ ने आसपास के लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को रेल ट्रैक के किनारे से हटवाया। क्षतिग्रस्त कोच में सब कुछ सामान्य होने पर ट्रेन को पांच बजकर 55 मिनट पर गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।
इधर, कानपुर से मौके पर पहुंचे आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट अजय कुमार राय ने भी पड़ताल की। आरपीएफ ने ट्रैक्टर कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ रेलवे एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। ट्रैक्टर को क्रेन की मदद से ट्रैक किनारे से हटा दिया गया। हादसे के कारण 12452 श्रमशक्ति, 15657 ब्रह्मपुत्र मेल, इटावा-फफूंद मेमू व तीन मालगाड़ियां अलग-अलग स्टेशनों पर खड़ी रहीं।
रेलवे लाइन के किनारे अचानक ट्रैक्टर आ जाने से हादसा हुआ है। ट्रेन के सभी यात्री सुरक्षित हैं। ट्रेन के कोचों की जांच करने के बाद सब कुछ ठीक पाए जाने पर ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया गया। ट्रैक्टर के रेल ट्रैक किनारे आने के कारणों की जांच की जा रही है। -अमित कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज
औरैया-ट्रेन के स्टाफ से जानकारी लेता फफूंद रेलवे स्टेशन का आरपीएफ स्टाफ। संवाद- फोटो : AURAIYA
औरैयाः हादसे में ट्रैक्टर का एक हिस्सा बुरी तरह से हो गया क्षतिग्रस्त- फोटो : AURAIYA
औरैयाः रेलवे ट्रैक किनारे पड़ा क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर। संवाद- फोटो : AURAIYA
औरैयाः रेलवे ट्रैक के किनारे से ट्रैक्टर हटवाते लोग एवं रेलवे कर्मी। संवाद- फोटो : AURAIYA