औरैेया। तैनाती स्थल से बिना बताए नदारद चल रहे तीन सफाई कर्मियों को जिला पंचायत राज अधिकारी ने निलंबित कर दिया है। इनमें एक सफाई कर्मी ने प्रधान के फर्जी हस्ताक्षर कर हाजिरी ब्लॉक में जमा किया था। मामले की जानकारी होने पर डीपीआरओ ने एडीओ पंचायत को रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
ब्लॉक अजीतमल की ग्राम पंचायत सांफर में तैनात सफाई कर्मी रामकुमार बिना सूचना के दो माह से अनुपस्थित चल रहा था। 20 मई को सफाई कर्मी को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन कोई जवाब विभाग को नहीं मिला। इसी तरह सहार ब्लॉक की ग्राम पंचायत असू का सफाई कर्मी विजय कुमार दिसंबर 2021 से बिना सूचना अनुपस्थित चल रहा है।
सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत इकौरापुर का सफाई कर्मी राधामोहन दो माह से बिना सूचना अनुपस्थित है। राधामोहन ने प्रधान के फर्जी हस्ताक्षर कर हाजिरी ब्लॉक में जमा कर दिया।
जानकारी होने पर प्रधान ने डीपीआरओ से शिकायत की। डीपीआरओ संदीप वर्मा ने बताया कि तीनों सफाई कर्मचारियों को लापरवाही बरतने पर निलंबित किया गया है। साथ ही फर्जी हस्ताक्षर करने वाले सफाई कर्मी के खिलाफ एडीओ पंचायत को रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।