अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र के एक किसान के बेटे के साथ साइबर ठग ने 18 हजार रुपये की ठगी कर ली। ठग ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताकर उसके बैंक खाते से यह धनराशि पार कर दी। किसान के बेटे ने मामले की जानकारी बैंक प्रबंधक व पुलिस को दी है।
इलाके के शास्त्री नगर ब्लॉक रोड निवासी किसान शुक्लवीर सिंह के बेटे आदित्य ने बताया कि कस्बा स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में उसका खाता है। सोमवार दोपहर एक अनजान नंबर से उसके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक कर्मी बताया। बैंक खाता अपडेट करने की बात कहकर बैंक खाता नंबर के आखिर के चार अंक और ओटोपी पूछा। साइबर ठग की बातों में फंसकर उसने मांगी गई जानकारी दे दी।
उसके बाद खाते से 18050 रुपये कट गए। मोबाइल पर नकदी निकाले जाने का मैसेज आने पर उसे खुद के ठगे जाने का पता चला। बकौल आदित्य उन्होंने तुरंत बैंक पहुंचकर शाखा प्रबंधक को घटना की जानकारी दी। आरोप है कि प्रबंधक ने इस मामले में कुछ न कर पाने की बात कहकर टरका दिया। आदित्य ने कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि तहरीर व नंबर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।