एरवाकटरा। हत्या कर महिला का शव जलाए जाने की सूचना पुलिस को गुरुवार को दी गई। इससे पुलिस महकमे में खलबली मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि सूचना फर्जी थी। महिला के भाई ने गलत सूचना दी थी। दोनों पक्षों को समझाकर शव का अंतिम संस्कार किया गया।
क्षेत्र के गांव दिलालपुर निवासी सुनील कुमार की पत्नी प्रीति देवी की बुधवार की सुबह इटावा जनपद के चौबिया थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को दिलालपुर गांव लाया गया। यहां महिला के ससुरालीजन शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान प्रीती देवी के पिता लाल सिंह, भाई हिमांशु निवासीगण गांव लक्षीराम कोतवाली बिधूना वहां पहुंचे। सुनील की दूसरी शादी का अंदेशा जताते हुए प्रीती की पुत्रियों के नाम रुपये जमा करने को लेकर बहस करने लगे। ससुरालीजनों ने बाद में इस संबंध में बात करने के लिए कहा।
इसी दौरान हिमांशु ने 112 नंबर पर पुलिस को बहन की हत्या कर शव जलाने की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो सूचना फर्जी पाई। थाना प्रभारी जीतमल चौधरी ने बताया कि प्रीती के भाई ने झूठी सूचना पुलिस को दी। दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शव का अंतिम संस्कार कराया है।