ऐरवाकटरा। थाना क्षेत्र के उमरेड़ी गांव के बाहर बाइक सवार युवकों ने भैंस लेकर बाग की ओर जा रही महिला को नशीला पदार्थ सुंघा कर जंजीर व कुंडल लूट लिए। होश में आने पर महिला ने परिजनों व पुलिस को सूटना दी। पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी है।
उमरेड़ी निवासी रामदत्त शाक्य की पत्नी केशव देवी (43) शनिवार दोपहर गांव के बाहर आम के बाग में भैंस बांधने जा रही थी। तभी ऐरव कटरा की ओर से आए पल्सर सवार दो युवकों ने उसके पास बाइक रोककर गांव का नाम पूछा। महिला कुछ समझ पाती तभी पीछे बैठे युवक ने रुमाल में लगा नशीला पदार्थ सुंघा दिया।
इसके बाद वह बेहोश हो गई। होश में आने पर केशव देवी ने बताया कि बाइक सवार जंजीर व कानों से कुंडल उतार ले गए हैं। लूट की सूचना पाकर सीओ बिधूना महेंद्र प्रताप सिंह व थानाध्यक्ष रामसहाय पटेल मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला के बताए गए हुलिए से आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।