अस्पताल में जांच करने पहुंची पुलिस। संवाद
- फोटो : AURAIYA
ऐरवाकटरा। कस्बे के कृष्णा हॉस्पिटल में शुक्रवार देर शाम एक प्रसूता की प्रसव के बाद मौत हो गई। परिजनों के हंगामा करने पर अस्पताल के कर्मी व संचालक ऑक्सीजन लाने की बात कह फरार हो गए। मृतका के पति ने संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीएमओ ने घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है।
थाना क्षेत्र के कटरा भटपुरा निवासी अली हसन ने पुलिस की तहरीर दी कि कृष्णा हॉस्पिटल में शुक्रवार दोपहर तीन बजे पत्नी रुखसाना (30) को प्रसव पीड़ा होने पर भर्ती कराया था। वहां पर मौजूद डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों ने शाम छह बजे के करीब प्रसव कराया।
नवजात के जन्म के कुछ देर बाद पत्नी को एक इंजेक्शन लगा दिया। इईसके बाद हालत बिगड़ने लगी और अस्पताल संचालक व स्टाफ ऑक्सीजन लाने की बात कह भाग गए और रात नौ बजे के करीब पत्नी की मौत हो गई। थानाध्यक्ष रामसहाय पटेल ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने कहा कि हास्पिटल का पंजीयन ओपीडी और मरीज भर्ती करने के साथ सामान्य प्रसव कराने का है। अस्पताल में जो खामियां पाई गई थीं, उसे लेकर नोटिस भेजा गया था। अस्पताल संचालक ने खामियां दूर कर दी थीं। इसके बाद भी महिला के प्रसव में किस स्तर पर लापरवाही बरती गई। इसे लेकर डॉ. शलभ मोहन के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है। जांच रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी सीएमओ के निरीक्षण में मिली थीं खामियां
कुछ दिनों पहले डिप्टी सीएमओ डॉ. बीपी शाक्य ने टीम के साथ अस्पताल का निरीक्षण किया था। तब उन्हें कई खामियां मिली थीं। तब उन्होंने कृष्णा हास्पिटल समेत सात अस्पतालों को नोटिस जारी किया था। इसके बाद भी अस्पताल धड़ल्ले से संचालित होता रहा। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जाहिर की है।