औरैया। एक से 22 जनवरी तक के आंकड़े जिले में कोरोना से बिगड़ते हालात की गवाही दे रहे हैं। इन 22 दिनों में 499 संक्रमित मिल चुके हैं। शनिवार को भी सामने आई जांच रिपोर्ट में 37 नये केस मिले हैं। कुल मरीजों में 218 ठीक हो चुके हैं और सक्रिय केस 279 हैं।
डॉक्टरों ने कोरोना की तीसरी लहर को आक्रामक मना है। लोगों से कोरोना संक्रमण से बचाव की अपील की जा रही है। लेकिन लापरवाहियों की वजह से जिले में अब तक 499 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनके संपर्क में आए लोगों की तलाश करने में स्वास्थ्य विभाग के पसीने छूट रहे हैं।
विभाग भी मान रहा है कि हर एक को तलाश कर पाना और उसकी निगरानी करना बहुत मुश्किल है। यदि संपर्क में आया एक व्यक्ति भी संक्रमित होता है तो उससे और लोगों में भी संक्रमण फैलने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में बचाव ही मुख्य उपाय है।
सभी लोग घरों से मास्क पहनकर निकले और भीड़भाड़ वाली जगहों पर शारीरिक दूरी का पालन जरूर करें। शनिवार को फिर से 37 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह 37 लोग कहां-कहां गए और किनके संपर्क में आए, यह जानकारी इन्हें खुद नहीं है। इसलिए खुद को सुरक्षित कर संक्रमण से बचाव करें। डा. शिशिर पुरी ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कोविड नियमों का पालन जरूर करें। भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।
खांसी खराश से बुरा हाल, फिर पांच दिन में ठीक
कोरोना की तीसरी लहर में संक्रमित मरीजों को खांसी, खराश ज्यादा परेशान कर रही है। कोविड कंट्रोल रूम में इसी तरह की लोग शिकायतें भी दर्ज करा रहे हैं। हालांकि दवा खाने और डॉक्टरों द्वारा बताए गए परहेज के बाद संक्रमित व्यक्ति तीन से पांच दिन में ठीक भी हो जा रहे हैं।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि रैपिड रिस्पांस टीमों के पहुंचने पर लोग इसी तरह की शिकायतें बता रहे हैं। जिन्हें दवाइयां दी जा रही हैं, दोबारा टीम जाने पर आराम मिलने की बात कही जा रही है। संक्रमित लोगों को दवा लेने के साथ गरम पाने सी गरारा करने, गुनगुना पानी पीने की सलाह दी जा रही है।
थ्री-लेयर मास्क और भरपूर दाल सब्जी खाएं
अपर सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क बहुत जरूरी है। इसलिए हर व्यक्ति को थ्री-लेयर वाला मास्क लगाना जरूरी है। इसके साथ ही जो लोग होम हाइसोलेशन में भर्ती हैं, उन्हें दवाइयां लेने के साथ ही भरपूर पौष्टिक भोजन खाने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने बताया कि दाल, हरी सब्जियां, फल, दूध, ड्राईफूड खाने से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी।