फोटो -36- बेटियों की आरती उतारकर हौसला बढ़ाते परिजन। स्रोत:परिजन
औरैया। शहर के दिबियापुर रोड निवासी एक किसान के घर सोमवार को खुशियों की बाढ़ आ गई।
किसान की दोनों बेटियों ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर सरकारी नौकरी में बड़े पदों पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया। उनकी बड़ी बेटी बाल विकास विभाग में अफसर और छोटी नेवी में लेफ्टीनेंट बन गई है।
नरेश पाठक किसान हैं। वह एक छोटी सी दुकान चलाते हैं लेकिन उनकी बेटियों की इस सफलता ने पूरे परिवार को गौरवान्वित कर दिया है। नरेश की बड़ी बेटी लवी पाठक ने अपनी उच्च शिक्षा इलाहाबाद से पूरी की है। बीएड डिग्री धारक लवी का चयन बाल विकास पुष्टाहार विभाग में सुपरवाइजर के पद पर हुआ है। उन्हें बीती दो मई 2026 को विभाग में ज्वाइनिंग भी मिल चुकी है।
वहीं, छोटी बेटी छवि पाठक ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। छवि वर्तमान में भारतीय नौसेना में कार्यरत थीं। अब उनका चयन विशाखापत्तनम में लेफ्टिनेंट के पद पर हो गया है। छवि आगामी जुलाई माह में अपना नया पदभार संभालेंगी। छवि ने अपनी इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई औरैया से ही पूरी की है।
घर में एक साथ खुशियां आने पर मां मीनू पाठक और भाइयों की आंखें खुशी से छलक उठीं। दोनों होनहार बेटियों ने सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और दादा-दादी के आशीर्वाद को दिया है।
बेटियों के उच्च पदों पर आसीन होने के बाद जब वे पहली बार घर लौटीं तो पूरे मोहल्ले ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।