औरैया। जिले की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर आयाम देने के लिए पिछले साल जहां पहले सीएम मॉडल कंपोजिट स्कूल की सौगात मिली। वहीं, अब इसी कड़ी में एक और सीएम मॉडल कंपोजिट स्कूल को शासन स्तर से स्वीकृति दी गई है। बीहड़ क्षेत्र के बच्चे इस स्कूल से लाभान्वित होंगे। अजीतमल क्षेत्र के अयाना थाना से कुछ दूरी पर भौतापुर गांव में इस दूसरे सीएम मॉडल कंपोजिट स्कूल को लेकर जमीन चिह्नित भी कर ली गई है।
शासन स्तर से सीएम मॉडल कंपोजिट स्कूल के जरिए एक ही बिल्डिंग में प्रीप्राइमरी से लेकर 12वीं तक के बच्चों के पठन-पाठन का इंतजाम किया जा रहा है। हाईटेक क्लास रूम से लेकर इलेक्ट्रानिक उपकरणों से लैस इन स्कूलों में अव्वल दर्जे की पढ़ाई होगी। पहले चरण में जहां दिबियापुर कस्बा के भाग्यनगर ब्लॉक के गांव सेहुद में पहले सीएम मॉडल कंपोजिट स्कूल को बनाया जा रहा है जिसके निर्माण की जिम्मेदारी यूपीपीसीएल को दी गई है। साथ ही साथ दूसरे स्कूल की सौगात भी जिले को मिल गई है।
जिला प्रशासन की ओर से दूसरे स्कूल को लेकर बीहड़ का क्षेत्र चुना गया है। जहां पर यह स्कूल शिक्षा क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। अयाना थाना के पास भौतापुर में इस दूसरे सीएम मॉडल कंपोजिट स्कूल को लेकर 2.54 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है। शासनस्तर से इस स्कूल के निर्माण को लेकर 23 करोड़ का बजट निर्धारित किया है। वहीं कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस को यह जिम्मेदारी मिली है।
-
इन सुविधाओं से लैस होगा स्कूल
भौतापुर में चिह्नित की गई जमीन पर जल्द ही सीएंडडीएस की ओर से निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। प्रस्तावित कामों के तहत इस स्कूल में स्मार्ट क्लासरूम, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, खेल मैदान समेत बच्चों के पठन-पाठन को बेहतर बनाने वाले अन्य संसाधन भी यहां होंगे। एक साथ बड़े पैमाने पर ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा मुहैया कराई जाएगी।
-
जल्द दूसरे स्कूल का निर्माण होगा शुरू
सेहुद के बाद अब भौतापुर में दूसरे सीएम मॉडल कंपोजिट स्कूल को बनाया जाएगा। जमीन चिह्नित हो गई है। शासन स्तर से कार्यदायी संस्था का चयन भी कर लिया गया है। स्कूल की डिजाइन समेत अन्य कागजी खाके को स्वीकृति भी मिल चुकी है। जल्द ही दूसरे स्कूल का निर्माण भी शुरू हो जाएगा।
-संजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी औरैया