रुरुगंज। कुदरकोट के गांव नगला जादौ निवासी श्रमिक रामसेवक जाटव (62) गांव के बाहर बने अपने मकान में अकेला रहता था। रविवार शाम करीब पांच बजे उसका शव घर के अंदर चारपाई पर पड़ा मिला। इससे गांव में खलबली मच गई।
रामसेवक के भतीजे भरत सिंह की पत्नी मालती देवी किसी काम से घर पहुंची थीं। काफी देर तक दरवाजे की कुंडी खटखटाने पर दरवाजा नहीं खुला तो खिड़की से झांक कर देखा।
रामसेवक का शव चारपाई पर देख वह चीख पड़ीं। सूचना पर थाना पुलिस पहुंची। शव को देख आशंका जताई गई कि काफी पहले वृद्ध की मौत हो चुकी है। कुदरकोट थानाध्यक्ष नीरज शर्मा ने बताया कि मृतक अकेला रहता था। चारपाई पर शव मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।