औरैया। शहर की सड़कों पर अतिक्रमण हावी है। इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई स्थानों पर फुटपाथ तो छोड़िए सड़क पर भी दुकान की प्रचार सामग्री रखकर ग्राहकों को आकर्षित करने की होड़ मची है।
शहर के प्रमुख चौराहा सुभाष चौक से दिबियापुर की ओर जाने वाली प्रमुख सड़क पर अतिक्रमण है। यहां व्यापारियों ने फुटपाथ तो छोड़ो सड़क पर भी कब्जा कर रखा है। शहीद पार्क के सामने तो व्यापारी सड़क की एक लेन पर अपनी दुकानों के होर्डिंग व स्टैंडी लगाकर अपनी दुकानों का प्रचार करने में जुटे हैं। इससे राहगीरों को प्रशासन की ओर से लगवाए गए साइन बोर्ड भी नहीं दिखाई देते हैं। इससे उन्हें सफर करने के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ जाता है।
वहीं, सुभाष चौक के आसपास वाहनों का अधिक होने के चलते कई बार तो जाम की भी समस्या खड़ी हो जाती है। इस मार्ग से प्रतिदिन अधिकारी मुख्यालय से शहर आते- जाते हैं मगर उनकी निगाह फुटपाथ पर रखी दुकानों की प्रचार सामग्री नहीं दिखती है। न ही सुभाष चौक पर लगने वाली यातायात पुलिस की पिकेट की अतिक्रमण पर नजर पड़ती है।
जल्द चलेगा अभियान
सड़क व फुटपाथ पर अतिक्रमण को लेकर लगातार चेतावनी दी जाती है। जल्द ही अभियान चलाया जाएगा।
रामआसरे कमल, ईओ नगर पालिका परिषद, औरैया