औरैया। भाग्यनगर ब्लॉक की पांच ग्राम पंचायतों से एक व्यक्तिगत बैंक खाते में भुगतान के मामले में तीन माह बाद नया मोड़ आया है। पहले इन मामलों की जांच जिला स्तरीय अधिकारी कर रहे थे लेकिन उनके तबादले हो गए। ऐसे में अब डीपीआरओ ने कमान संभाली है और घपले से जुड़े कागजात स्वयं जुटाने का फैसला किया है। जांच रिपोर्ट दो तीन दिन के अंदर आने की उम्मीद है।
भाग्यनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत हर्राजपुर, उसरारी, रानीपुर, सल्हापुर व कंचौसी में कुल 19 भुगतानों का मामला पिछले दिनों सामने आया था। एक ही युवक के निजी बैंक खाते में पांचों ग्राम पंचायतों से तकरीबन तीन लाख रुपये निकाल लिए गए थे। मामले में शिकायत होने पर विभाग के अधिकारी भी चौक गए थे। मामले में पांचों ग्राम पंचायतों में तैनात रहे तत्कालीन सचिव को नोटिस जारी किए थे लेकिन सचिव ने जवाब देने से किनारा कर लिया था। ऐसे में डीपीआरओ ने पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी को जांच सौंपी थी।
हालांकि सचिव की ओर से जांच अधिकारी को भुगतान संबंधी जरूरी कागजात नहीं दिए गए थे। इसी बीच पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी का पिछले दिनों तबादला हो गया। अब विभाग ने इस मामले की जांच के लिए स्वयं पत्रावली जुटाना शुरू किया है। डीपीआरओ श्रीकांत यादव ने बताया कि पांच पंचायतों में एक युवक को भुगतान करने के मामले में जांच कर रहे अधिकारी का तबादला हो गया है। जांच रिपोर्ट में देरी देख अब स्वयं ही भुगतान व कार्य संबंधी पत्रावली जुटाना शुरू किया है। दो तीन दिन में ये पत्रावली उपलब्ध हो जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।