संवाद न्यूज एजेंसी
रुरुगंज। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव देवराव में महिला का शव पाइप के कुंडे में फंदे से लटका शव मिला। मामले में महिला की सास और दोनों बच्चों ने शव रात में नीचे उतार लिया।
इसके बाद पिता और चाचा को सूचना दी। शुक्रवार को घर पहुंचे महिला के देवर ने शुक्रवार को पुलिस को जानकारी दी।
गांव निवासी चंद्रकिशोर अहमदाबाद में प्राइवेट नौकरी करता है। घर पर उनकी मां, पत्नी डिंपल और बच्चे रहते हैं।
गुरुवार रात डिंपल (32) का शव घर में फंदे पर लटका मिला। सास रामकेशरी ने बताया कि वह खाना खाकर कमरे में चली गई थीं। रात में जब बाथरूम जाने के लिए जागीं तो टिन के पाइप के कुंडे से डिंपल को लटकता देखा।
रामकेशरी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने और डिंपल के आठ व दस साल के बच्चों राम और श्याम ने रस्सी काट कर उसे नीचे उतारा। इसके बाद रात में ही बच्चों ने अपने पिता को सूचना दी। सूचना पर नोएडा में नौकरी कर रहा महिला का देवर केशव शुक्रवार दोपहर घर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे सीओ पी पुनीत मिश्रा व कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि महिला ने फंदा लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।(संवाद)