फोटो-28- घरों के आसपास खेतों में भरा पानी। संवाद
कंचौसी। बारिश के बाद गांव ढिकियापुर में हुए जलभराव से चार दिन से पानी में घिरे तीन घरों के 20 लोग और बच्चे अब तक बाहर नहीं निकाले गए हैं। इसके अलावा न उन्हें कोई राहत सामग्री मुहैया कराई गई है। इन परिवारों के सामने पेट भरने की समस्या भी हावी हो रही है। हालांकि शनिवार शाम बीडीओ सहार गांव पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने फंसे हुए लोगों का हालचाल भी नहीं लिया और पंचायत सचिवालय से ही वापस लौट गए।
पीड़ित बृजेश बाथम ने बताया कि चार दिन से घर से बाहर न निकल पाने से खाने पीने और राशन का संकट खड़ा हो गया है। बताया कि शनिवार शाम को बीडीओ राजनारायण पांडेय गांव पहुंचे थे। इसके बावजूद उन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और राशन मुहैया कराने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। पीड़ित ने कि बताया कि घर में रखा राशन खत्म होने के कगार पर है। तेल, चीनी, चावल आदि अन्य घरेलू उपयोग के सामान खत्म हो चुके हैं। बीडीओ पंचायत सचिवालय से आकर लौट गए और उन्होंने पीड़ितों का हाल भी नहीं जाना।
बीडीओ सहार व एडीओ पंचायत से कई बार फोन से संपर्क करने का प्रयास गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। हालांकि लेखपाल राज वर्मा ने बताया कि पीड़ित तीनों परिवारों को जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर राहत सामग्री दी जाएगी।