संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव कादलपुर में अपनी बुआ के घर आए युवक के साथ शनिवार की शाम शहबदिया रोड पर कुछ लोगों ने मारपीट कर दी थी। वारदात के दौरान आरोपी पांच हजार रुपये छीनते हुए चाकू का भय दिखाकर भाग निकले थे। मामले में पुलिस ने रविवार को मुख्य आरोपी को चाकू के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
दिल्ली निवासी रोहित शादी कार्यक्रम में शामिल होने कादलपुर में अपनी बुआ के घर आया था। जहां शनिवार को वह गन्ना का जूस लेने के लिए घर से निकला था। शहबदिया रोड पर चार युवकों ने उसे रोकते हुए मारपीट कर पांच हजार रुपये छीन लिए। मामले में पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
रविवार को इस मामले में गांव सुंदरीपुर से लोहियापुर जाने वाली रोड से सुंदरीपुर निवासी रिषभ कुशवाहा को धर दबोचा। इसके पास से एक छुरी बरामद हुई। पूछताछ में रिषभ ने शनिवार को अपने साथी शालू चौहान, शक्ति कठेरिया व अशोक कठेरिया के साथ मिलकर कादलपुर निवासी युवक से पांच हजार रुपये छीनने का मामला कबूल किया। सदर कोतवाल भूपेंद्र राठी ने बताया कि मुख्य आरोपी रिषभ को पकड़ लिया गया है। अन्य तीनों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। पकड़े गए आरोपी को न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेजा जा रहा है।