संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। चैत्र नवरात्र पर दिबियापुर के विभिन्न दुर्गा मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। रविवार को बच्चों के स्कूल के अवकाश होने के कारण गहेसर स्थित महामाई मंदिर में आस्थावानों की भीड़ उमड़ी। यहां पूरे दिन कन्या भोज होता रहा। वहीं झंडे और घंटे चढ़ाने वालों की भीड़ उमड़ती रही।
गहेसर स्थित प्राचीन शक्तिपीठ महामाई मंदिर पर रविवार को भक्तों को भारी भीड़ उमड़ी। यहां पूरे दिन भक्तों ने मंदिर में पूजा अर्चना की। जिले भर के भक्तों ने पहुंचकर मन्नतें मांगी। भक्तों द्वारा मनौती के झंडे और घंटे चढ़ाए जाते रहे। मंदिर में झंडे लेकर पहुंचे आस्थावान विभिन्न भक्तिगीतों एवं ढोलक की थापों पर नृत्य करते हुए बधाइयां डालते नजर आए।
मंदिर में नवजात शिशुओं के मुंडन भी हो रहे हैं। यहां मंदिर परिसर में मेले का आयोजन किया गया है। महिलाओं ने यहां सजी दुकानों से जमकर खरीददारी की। जबकि बच्चे झूले का आनंद लेते नजर आए। लोगों का कहना है कि अब यहां अष्टमी एवं नवमी के दिन भारी भीड़ उमड़ेगी। यहां पर जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से काफी विकास कार्य किए जा रहे हैं।
आस्थावानों की सुविधा के लिए मंदिर के बाहर टिनशेड डलवाई गई है। इस टिनशेड से गर्मी के समय आने वाले इन्हें काफी राहत मिली है। यहां बता दें कि महामाई मंदिर कई सौ साल पुराना मंदिर है। मंदिर के प्रति लोगों में विशेष आस्था है। यहां पर आसपास जिलों के भक्त मनौती मांगने और मनौती पूरी होने पर झंडे घंटे चढ़ाने के लिए पहुंचते हैं। इधर, दिबियापुर कस्बे में स्थित मां दुर्गा के मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ जुटती रही।
पीडब्ल्यूडी कार्यालय और रेलवे स्टेशन फफूंद के बीच स्थित दुर्गा मंदिर, पुराने पैट्रोल पंप तिराहा स्थित दुर्गा मंदिर, बड़ी सब्जी मंडी गली स्थित दुर्गा मंदिरों में सुबह शाम भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। शाम के समय महिला भक्तों द्वारा ढोलक की थाप पर माता के गीत गुंजायमान हो रहे हैं। गेल गांव स्थित श्री सर्वेश्वर मंदिर पर चैत्र नवरात्र पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।