औरैया। प्रधानपति पर जानलेवा हमले में फरार चल रहे एक आरोपी ने सोमवार को सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर दिया। बीते सप्ताह ही कोर्ट ने 8055 गैंग के एक सक्रिय सदस्य समेत तीन के खिलाफ कुर्की का आदेश दिया था। जानलेवा हमले के मामले में पुलिस पांच आरोपियाें को पहले ही जेल भेज चुकी है।
सदर कोतवाली के गांव क्योंटरा की प्रधान के पति अखिलेश कुमार पांडेय पर 13 अगस्त को जानलेवा हमला हुआ था। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर 12 नामजद समेत 70 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। बाद में मयंक दुबे, प्रखर मिश्रा, आयुष चतुर्वेदी, रिषभ पांडेय को जेल और एक बाल अपचारी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया था। घटना में शामिल 8055 गैंग का सक्रिय सदस्य गोलू दुबे समेत भोले, आशीष पुलिस को चकमा दे रहे थे। पुलिस के अनुसार सोमवार को भोले ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इससे पहले सीजेएम कोर्ट ने तीनों के खिलाफ कुर्की के आदेश दिया था। सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि एक आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर किया है। अन्य के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई जल्द की जाएगी।