औरैया। शहर के बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड में आरोपी सपा एमएलसी कमलेश पाठक समेत सभी 11 आरोपियों की विभिन्न जेलों से कोर्ट में शुक्रवार को पेशी हुई। इस मामले की सुनवाई कर रही विशेष एमपीएमएलए कोर्ट रजन सिन्हा के समक्ष हत्याकांड के तीसरे गवाह की गवाही प्रक्रिया पूरी हुई।
अभियोजन के अधिवक्ता एडीजीसी रमेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि इस मामले की अगली सुनवाई 17 मई तय की गई है। जिसके लिए अन्य गवाहों को तलब किया गया है। इस दौरान बचाव पक्ष के वकील कृपानंद उर्फ गोपाल बाजपेई भी उपस्थित रहे।
गौर तलब है कि 15 मार्च 2020 को शहर के मोहल्ला नरायनपुर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में अधिवक्ता मंजुल चौबे व उसकी चचेरी बहन सुधा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने सपा एमएलसी कमलेश पाठक, उनके दो भाई संतोष पाठक व रामू पाठक समेत 11 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की। सभी को आधा दर्जन जेलों में अलग-अलग निरुद्ध किया गया है। हाईकोर्ट के आदेश पर मामले की सुनवाई शीघ्रता से की जा रही है।