बिधूना। नरायनपुर भानू गांव के किशोर को गंभीर हालत में भाई और उसके दोस्त सीएचसी बिधूना ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। चोट के निशान देखकर डॉक्टर ने पुलिस को सूचना दे दी, इस पर भाई व साथी शव बाइक पर लेकर भाग गए।
नरायनपुर भानू गांव निवासी शिवदयाल के बेटे आशुतोष (16) की मंगलवार शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में तबियत खराब हो गई। भाई मोनू ने साथियों के साथ सीएचसी बिधूना पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने आशुतोष को मृत घोषित कर दिया। सीएचसी के डॉ. विकास मिश्रा ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। डॉक्टर ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
पोस्टमार्टम की बात पर भाई व उसके साथ शव बाइक पर ही लेकर चले गए। डॉक्टर के मुताबिक युवक को चोट के निशान थे। सीएचसी आए युवकों के मुताबिक किसी बात को लेकर हुई मारपीट में चोट लगने की जानकारी दी गई। कोतवाली प्रभारी शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। सूचना मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।