अजीतमल। जनता महाविद्यालय इकाई के विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) ने आयकर कटौती से संबंधित कार्य में व्याप्त त्रुटियों के विरोध में आंदोलन का ऐलान किया है।
शिक्षक संघ की मंगलवार को हुई आम सभा में पारित प्रस्ताव के तहत 22 जुलाई को सभी शिक्षक शिक्षण कार्य के दौरान काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे।
शिक्षक संघ की ओर से प्राचार्य को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि शिक्षकों की आयकर कटौती का विवरण 26 एएस में सही दर्ज नहीं होने से उन्हें आर्थिक एवं प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस का शीघ्र समाधान न हुआ तो वह प्रशासनिक कार्यों का बहिष्कार करेंगे। इसके साथ ही प्राचार्य कार्यालय के सामने धरना भी दिया जाएगा।
आंदोलन की सूचना महाविद्यालय प्रशासन, डीएम व विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के पदाधिकारियों को भेजी गई है। शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. योगेश कुमार साहू व मंत्री पदम पांडेय ने कहा कि यह आंदोलन शिक्षकों के वैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए किया जा रहा है।(संवाद)