फोटो-14एयूआरपी-10 वाहन से उमरी गोशाला जाते अन्ना पशु। संवाद
- फोटो : AURAIYA
कंचौसी। चिटकाईनपुरवा पंचायत घर में सोमवार से बंद अन्ना पशुओं को चार दिन बाद गोशाला भेजा गया। शुक्रवार को इन पशुओं को ग्राम पंचायत अधिकारी व प्रधान ने 15 किलोमीटर स्थित उमरी गोशाला भेजा।
चिटकाईनपुरवा समेत आसपास के किसानों की फसलें अन्ना मवेशी बर्बाद कर रहे थे। किसानों ने कई बार प्रशासन से अन्ना पशुओं को गोशला भेजने की मांग की। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सोमवार को किसानों ने फसलों को नष्ट कर रहे अन्ना पशुओं को पकड़कर पंचायत घर में बंद कर दिया था। तब से मवेशी पंचायत घर में ही बंद थे।
गुरुवार को प्रधान ने उन्हें छोड़ने का प्रयास किया, लेकिन गांव वालों के विरोध के चलते यह भी नहीं हुआ। चौथे दिन शुक्रवार को ग्राम पंचायत अधिकारी बृजेंद्र त्रिपाठी व प्रधान हेतराम पंचायत घर पहुंचे और किसानो से वार्ता की। किसानों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
ग्राम पंचायत अधिकारी व प्रधान ने अन्ना पशुओं को दो वाहनों से उमरी गोशाला भेजा। इस दौरान पंचायत अधिकारी व प्रधान के सामने ही कुछ अन्ना गोवंश वाहन से उतरकर भाग गए। ग्राम पंचायत अधिकारी बृजेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पंचायत घर में बंद पशुओं को उमरी गोशाला में भेजा गया है। साथ ही अन्ना पशुओं को पकड़ने के लिए टीमें लगी हुई हैं।