खेतों पर पड़े मिले सूटकेस और बैग को देखते ग्रामीण
- फोटो : amarujala
अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर गांव में एक किसान के घर से चोरों ने 9500 नगद समेत अलमारी में रखे दो लाख रुपये कीमत के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के वक्त किसान पत्नी के साथ छत पर मां और भांजी घर के आंगन में सो रहे थे। सुबह बैग व सूटकेस खेत में पड़े मिले हैं। किसान ने घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी है।
गुरुवार की रात क्षेत्र के ग्राम शाहपुर निवासी प्रेमचंद्र पुत्र चतुर सिंह खेती-किसानी करके परिवार का भरण पोषण करते हैं। रात के समय प्रेमचंद्र अपने घर की छत पर पत्नी शिल्पी के साथ सो रहा था। घर के आंगन में उसकी मां अमरवती और भांजी नीतू और नीरज सो रही थीं। रात के समय अज्ञात चोर उसके मकान की छत से होकर जीने से आंगन में उतरे। कमराें के ताले तोड़कर उसमें रखे बक्सों के कुंडे तोड़कर तथा सेफ को खोलकर उसमें रखे नौ हजार पांच सौ रुपये नगद समेत सोने के मटरमाला, बाला, झुमकी, मंगलसूत्र, अंगूठी, हाय, ओम, बाली, नाक के फूल पायलें, तोड़ियां, करधनी, बिछिया आदि करीब दो लाख के जेवरात पार कर दिए। साथ ही दो सूटकेसों और बैगों को घर से उठा ले जाकर खेतों में खोलकर खाली कर खेतों में फेंक दिए। प्रेमचंद्र ने घटना की लिखित तहरीर कोतवाली अजीतमल में दी है। कोतवाल निरीक्षक बलिराज शाही ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। जांच की जा रही हैै। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
मारपीट का मामला दर्ज
अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दयानगर बीसलपुर निवासी अंकिता पत्नी बलवान ने गांव के ही श्याम सिंह पुत्र हवलदार पर गाली-गलौज कर मारपीट कर देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।