फोटो-14एयूआरपी-35 गेहूं की फसल में लगी आग व उठता धुआं। संवाद
- फोटो : AURAIYA
बिधूना। बेला थाना क्षेत्र के पुर्वा विधी गांव में हाईटेंशन लाइन के तारों के टकराने से निकली चिंगारी से तीन किसानों की छह बीघा फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों व दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। साथ ही आसपास के क्षेत्र में आग फैलने से रोका।
बेला के पुर्वा विधी गांव निवासी रघुवारी वर्मा की पत्नी राजेश्वरी और उनके भतीजे अजय व संजय के खेत से ऊपर से 11 हजार की एचटी लाइन गुजरी है। ग्रामीणों ने बताया कि गुरुवार शाम करीब चार बजे एचटी लाइन के तारों के आपस में टकराने की वजह से उनसे चिंगारी निकली, जो राजेश्वरी के खेत में गिरी। देखते ही देखते आग पूरे खेत में फैल गई और अजय व संजय के खेत को भी अपनी चपेट में ले लिया।
किसान व ग्रामीण आग बुझाने का प्रयास करने लगे और दमकल विभाग को सूचना दी। ग्रामीणों व दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। साथ ही आसपास के खेत में आग फैलने से रोकी। किसानों ने बताया कि आग से करीब 60 से 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। क्षेत्रीय लेखपाल मोहम्मद रिजवान ने नुकसान का आंकलन किया। बताया कि रिपोर्ट भेजकर पीड़ितों को मुआवजा दिलाया जाएगा।