औरैया। शहर कोतवाली पुलिस व स्वाॅट टीम ने बुधवार देर शाम शहर के रेनबो होटल में छापेमारी की। दूसरी मंजिल पर स्थित कमरा नंबर तीन में जुआ खेलते मध्यप्रदेश के भिंड के चार लोगों समेत सात को गिरफ्तार किया। मौके से 86,520 रुपये बरामद किए। पुलिस ने जुआ अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की और आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। होटल मालिक के खिलाफ भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर के जालौन चौराहे पर स्थित रेनबो होटल में काफी समय से जुआ खेला जा रहा है। इसकी पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी। बुधवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह, कोतवाल राजकुमार सिंह, स्वाॅट टीम प्रभारी प्रशांत ने फोर्स के साथ छापेमारी कर दी।
इस दौरान होटल के दूसरी मंजिल पर स्थित कमरा नंबर तीन में मध्यप्रदेश जनपद भिंड देहात के सुभाष चौराहा हनुमान मंदिर गली नंबर एक नववासी राहुल, मनीष सिंह राजपूत, जनपद भिंड देहात के बीटीआई रोड स्थित बस सटैंड के पास रहने वाले पंकज शाक्य, धर्मेंद्र शाक्य व शहर के मोहल्ला तिलक नगर निवासी कुलदीप दीक्षित, गांव खानपुर निवासी शानू खान, मोहल्ला सत्तेश्वर निवासी रजत पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से 52 पत्ते, 86,520 रुपये नकद, आरोपियों के सात मोबाइल बरामद किया है।
पुलिस आरोपियों को कोतवाली ले गई। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि ब्रम्हनगर चौकी प्रभारी सोनी रावत की तहरीर पर होटल मालिक रजनीश भदौरिया पर जुआ खिलाने व जुआ अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली। गुरुवार को आरोपियों के कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
आरक्षी के बहनोई के पकड़े जाने की रही चर्चा
होटल में पकड़े गए जुआ में पुलिस ने चार मध्यप्रदेश के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि चार में एक शहर स्थित पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी का बहनोई है। छापेमारी के दौरान वह आरक्षी होटल के पास ही था जो पुलिस को देख भाग गया। यह भी चर्चा रही कि उस सिपाही के इशारे ही होटल में लंबे समय से जुआ खेला जा रहा था। हालांकि पुलिस ने इस बात से इन्कार किया है।