अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को अलग-अलग हुए सड़क हादसों में बाइक सवार तीन महिलाएं समेत सात लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को सैफई रेफर कर दिया गया।
इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र के काकरपुर निवासी श्रीपथ अपनी मोपेड से पत्नी ज्ञानदेवी के साथ रिश्तेदार के घर अजीतमल आए थे। घर लौटते समय कानपुर नेशनल हाईवे पर किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे दंपती घायल हो गए। सरैया पूठा गांव निवासी अरुण कुमार बाइक से पत्नी को लेकर बाबरपुर बाजार जा रहे थे।
रास्ते में ब्रेकर आने पर बाइक से उछलकर गिरकर घायल हो गए। इधर, ग्राम जुआ निवासी श्रीपाल पत्नी अनीता व देवनारायण के साथ बाइक से अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। बाबरपुर फफूंद मार्ग पर किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए।
ग्रामीणों ने घायलों को सीएचसी अजीतमल में भर्ती कराया। श्रीपथ, ज्ञानदेवी व सियारानी की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने सैफई रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी ने कहा कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।