औरैया। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य की हकीकत जांचने शनिवार को यूपीडा के कार्यकारी अधिकारी/अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी भखरिया गांव पहुंचे। दोपहर तीन बजे पहुंचे कार्यकारी अधिकारी ने अफसरों के साथ निर्माण कार्य की हकीकत जांची। मार्च अंत तक निर्माण कार्य पूरा करके दोनों तरफ की सड़कें चालू करने बात कही। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं पर चर्चा की और बताया कि आस्था और नौरी गांव को जाने वाले संपर्क मार्ग के निर्माण की मंजूरी दे दी गई है।
अवनीश अवस्थी ने निर्माण से जुड़ी संस्था के अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट मांगी। यहां मौजूद चीफ इंजीनियर और जनरल मैनेजर इंजीनियर आरएम गुप्ता से निर्माण कार्य की स्थिति पूछी। एक्सप्रेसवे के आसपास रहने वाले ग्रामीणों के उठाए गए मुद्दों के बारे में जानकारी की।
इस पर उन्हें बताया गया कि आस्था और नौरी गांव के ग्रामीण संपर्क मार्ग बनवाने की मांग कर रहे हैं। इस पर कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि सर्विस रोड बनवाना शुरू कर दें, इसके लिए मंजूरी दे दी है। इसके बाद वह अफसरों से बात करते हुए आस्था के पास बन रहे ओवरब्रिज के निरीक्षण पर पहुंचे। यहां पर उन्होंने सड़क पर गैपिंग भरने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें उन्होंने निर्देश दिए कि रिपोर्ट के मुताबिक 86 फीसदी काम हुआ है। मार्च से पहले शतप्रतिशत काम किया जाए। ताकि मार्च के अंत तक दोनों लेन की सड़कें चालू कर दी जाएं। इस मौके पर प्रोजेक्ट निदेशक गौरव भारद्वाज, डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर इंजीनियर आकाश सिंह समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।