औरैया। गर्मी को देखते हुए कक्षा एक से लेकर आठ तक के स्कूलों के समय में फेरबदल किया गया है। सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूल अब सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक खुलेंगे। बीएसए ने इस संबंध में सभी बीईओ को नए टाइमटेबल के तहत स्कूलों के संचालन के निर्देश जारी किए हैं।
शुक्रवार को पारा 42 डिग्री तक जा पहुंचा। ऐसे में स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को गर्मी का यह मौसम बीमार बना सकता है। इसे देखते हुए बीएसए संजीव कुमार ने शनिवार से स्कूलों के टाइमटेबल में तब्दीली कर दी है। कक्षा एक से लेकर कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों का समय सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित कर दिया गया है।
इस नए टाइमटेबल का अनुपालन कराने के लिए बीईओ को निरीक्षण करने को भी कहा गया है। इसके साथ ही स्कूलों में गर्मी से बीमार होने वाले बच्चों के उपचार को लेकर जरूरी ओआरएस घोल व ग्लूकोज रखने को कहा गया है। बीएसए संजीव कुमार ने बताया कि गर्मी को देखते हुए स्कूलों का समय बदला गया है।