औरैया। जिले के सभी माध्यमिक स्कूलों को शुक्रवार से खोले जाने का आदेश शिक्षकों की नाराजगी के चलते डीआईओएस ने निरस्त कर दिया है। शिक्षकों ने स्कूलों के खुलने पर कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका जताई है। इस पर शुक्रवार की शाम डीआईओएस हृदय नारायण त्रिपाठी ने बताया कि गुुरुवार को स्कूलों को खोले जाने के जारी किए गए पत्र को निरस्त कर दिया गया है। शासन से आदेश के बाद जिले के माध्यमिक स्कूलों को खोले जाने का पत्र जारी किया जाएगा।
माध्यमिक व इंटर कालेजों को खोले जाने के आदेश के बाद शिक्षक नेताओं ने नाराजगी जताई है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष उमाकांत दीक्षित के नेतृत्व में शिक्षक नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने डीआईओएस को ज्ञापन देकर कोरोना संक्रमण की आशंका जताते हुए स्कूल न खोले जाने की मांग की। शिक्षक नेताओं ने कहा कि स्कूलों के खुलने से शिक्षकों के कोरोना संक्रमण की चपेट में आने की आशंका है।
ज्ञापन में गुरुवार को जारी स्कूल खुलने के पत्र को निरस्त करने की मांग की। शिक्षक नेताओं ने कहा कि प्रदेश के किसी भी जिले में इस संबंध में पत्र जारी नहीं किया गया है। शिक्षक नेताओं की नाराजगी को देखते हुए माध्यमिक स्कूलों को खोले जाने के आदेश को डीआईओएस ने निरस्त कर दिया है। ज्ञापन देने वालों में नवीन कुमार तिवारी, श्रीनारायण दुबे आदि मौजूद रहे।