फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक ही ट्रेन, पर दिशा बदलते ही बदल जाते रेलवे के नियम

विज्ञापन
ट्रेन के इंतजार में फफूंद रेलवे स्टेशन पर खड़े यात्री । संवाद - फोटो : AURAIYA
विज्ञापन
दिबियापुर (औरैया)। फफूंद रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली दो ट्रेनों में दिशाएं बदलने के साथ रेलवे के नियम भी बदल जाते हैं। एक ही ट्रेन में एक दिशा में जाने पर रेल यात्री साधारण टिकट पर यात्रा कर सकता है। लेकिन उसी ट्रेन की जब दिशा बदलती है तो केवल आरक्षित टिकट पर ही यात्रा करना यात्री की मजबूरी बन जाती है।
विज्ञापन

दरअसल कोरोना संक्रमण काल में फफूंद रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली सभी ट्रेनें बंद हो गईं थीं। कोरोना संक्रमण कम होने पर ट्रेनों का संचालन विशेष ट्रेन के नाम के साथ शुरू हुआ। उस समय रेलवे ने केवल आरक्षित टिकट पर ही ट्रेनों में यात्रा करने की मंजूरी दी थी। धीरे-धीरे विशेष ट्रेन नंबरों पर संचालित होने वाली ट्रेनों के नंबर बदलकर पूर्ववत सामान्य ट्रेन नंबरों पर ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया।
अब जबकि ट्रेनों का पूर्ववत सामान्य की तरह संचालन शुरू हुआ तो कई ट्रेनों में अनारक्षित टिकट पर यात्रा की सुविधा भी शुरू कर दी गई। लेकिन फफूंद में रुकने वाली दो ट्रेनों में रेलवे के नियम कुछ जुदा है। प्रयागराज से मेरठ सिटी तक जाने वाली 14163 अप संगम एक्सप्रेस में यात्रियों को अनारक्षित टिकट पर यात्रा की अनुमति है।
विज्ञापन

जैसे ही इस ट्रेन की दिशा बदलती है और मेरठ सिटी से प्रयागराज लौटती है तो रेलवे के नियम बदल जाते हैं। मेरठ सिटी से प्रयागराज जाने वाली 14164 डाउन संगम एक्सप्रेस के लिए अनारक्षित टिकट नहीं मिलते। यही हाल लखनऊ से आगरा के बीच चलने वाली इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का है। आगरा से लखनऊ जाने वाली 12180 डाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस में अनारक्षित टिकट मिलता है।
लेकिन लखनऊ से आगरा जाते समय 12179 अप इंटरसिटी एक्सप्रेस में यात्रियों को अनारक्षित टिकट नहीं मिलता। दिशा बदलने के साथ ही एक ही ट्रेन के लिए रेलवे के दो नियम होने से यात्री परेशान रहते हैं। रेल कर्मी भी यात्रियों को समझाते-समझाते परेशान हो जाते हैं। स्टेशन अधीक्षक वेदप्रकाश का कहना है कि रेलवे प्रशासन ने जिन ट्रेनों में अनारक्षिट टिकट बांटने के आदेश दिए हैं। उन्हीं में साधारण टिकट बांटे जा रहे हैं। आदेश पहुंचने पर शेष ट्रेनों में भी अनारक्षित टिकट बांटे जाने लगेंगे।
कई अन्य ट्रेनों के भी नहीं मिल रहे अनारक्षित टिकट
फफूंद रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली 12311 अप एवं 12312 डाउन नेताजी एक्सप्रेस, 15483 अप एवं 15484 डाउन महानंदा एक्सप्रेस, अप एवं डाउन अवध एक्सप्रेस में अभी तक अनारक्षित टिकट मिलने शुरू नहीं हुए हैं। जबकि इन ट्रेनों में सैकड़ों की संख्या में यात्री प्रतिदिन आवागमन करते हैं।
मेमू पैसेंजर ट्रेनों में किराया एक्सप्रेस ट्रेन का
फफूंद रेलवे स्टेशन समेत छोटे-छोटे रेलवे स्टेशनों पर रुकने वाली मेमू पैसेंजर ट्रेनें अभी भी कोरोना संक्रमण के समय चलने वाली ट्रेनों की भांति स्पेशल नंबरों पर संचालित हो रहीं हैं। इसके चलते मेमू ट्रेनों के पैसेंजर होने के बावजूद इनके यात्रियों को किराया मेल एक्सप्रेस का देना पड़ता है। यात्रियों ने जल्द से जल्द मेमू ट्रेनों का किराया पैसेंजर ट्रेनों की भांति लिए जाने की मांग की है। बता दें कि फफूंद रेलवे स्टेशन पर इस समय दो जोड़ी मेमू ट्रेनों का ठहराव होता है। इनमें प्रतिदिन हजारों यात्री आवागमन करते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें