दिबियापुर (औरैया)। भीलवाड़ा (राजस्थान) में 24 व 25 दिसंबर को आयोजित सातवें अंतर्राष्ट्रीय साहित्य एवं मैत्री सम्मेलन में दिबियापुर की जया श्रीवास्तव को विशिष्ट प्रतिभा सम्मान से अलंकृत किया गया। गायिका जया श्रीवास्तव दूरदर्शन एवं आकाशवाणी पर कई कार्यक्रम प्रस्तुत कर चुकीं हैं। वर्तमान में लखनऊ में संस्था चलाकर संगीत प्रतिभाओं को निखारने में लगीं हैं। जया के पति अजय श्रीवास्तव एनटीपीसी में कार्यरत हैं।
जया श्रीवास्तव ने बताया कि भीलवाड़ा में विनायक विद्यापीठ प्रेक्षागार में 24 व 25 दिसंबर को दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय साहित्य एवं संस्कृति मैत्री सम्मेलन में आस्ट्रेलिया, श्रीलंका, फिजी, नेपाल, शिकागो सहित भारत के विभिन्न राज्यों से साहित्य और संगीत जगत की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में उन्हें भी संगीत के क्षेत्र में उपलब्धियों के लिए विशिष्ट प्रतिभा सम्मान से शाल, पटका, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महाराणा प्रताप के 17वें वंशज शिवदान सिंह राणावत, विनायक विद्यापीठ के संरक्षक विनोद बब्बर के अलावा कारोही महाराज, कवि योगेंद्र शर्मा, अरविंद त्यागी समेत कई साहित्यकार, गीत, संगीत, नृत्य, वादन, अभिनय आदि क्षेत्रों की विभूतियां मौजूद रहीं।
---