एरवाकुईली के आरआरसी सेंटर में भरा भूसा।
- फोटो : एरवाकुईली के आरआरसी सेंटर में भरा भूसा।
एरवाकटरा। विकासखंड की ग्राम पंचायत एरवाकुईली में आरआरसी सेंटर बनाया गया था। अब यहां पर कचरा निस्तारण के बजाए भूसा भरा है। ऐसे में ये सेंटर बेमकसद साबित हो रहा है।
ग्राम पंचायत में दो वर्ष पहले घरों से निकलने वाले कूड़ा निस्तारण के लिए करीब 11 लाख रुपये की लागत से आरआरसी (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) बनाया गया था। साथ ही घरों से कूड़ा एकत्र करने के लिए ई रिक्शा कूड़ा गाड़ी भी खरीदी गई थी।
बैटरी चालित कूड़ा गाड़ी से घरों से गीले और सूखे कूड़े को अलग -अलग एकत्र करना था। एकत्रित गीले कूड़े से कंपोस्ट खाद बनाने और प्लास्टिक बेस्ट आदि अलग कर उसे रि-साइकलिंग कर पंचायत की आय बढ़ाने की योजना थी।
इधर, दो वर्ष बीतने के बाद भी इस केंद्र का संचालन नहीं हो सका। यही कारण है कि जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते योजना का कोई लाभ नहीं मिल रहा है। केंद्र में भूसा भरा हुआ है।
संबंधित सचिव को मौके पर भेजकर आरआरसी सेंटर का भूसा खाली कराया जाएगा। मामले में ग्राम पंचायत को कारण बताओ नोटिस भी दिया जाएगा।
-संजीव कुमार पांडेय, बीडीओ।