औरैया। मुरादगंज-बीझलपुर से भासौन तक करीब 400 मीटर सड़क की मरम्मत को मंजूरी दे दी गई है। इस कार्य पर 16 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह सड़क लंबे समय से गड्ढों और उखड़ी सतह के कारण राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। ग्रामीणों की मांग पर अब इस मार्ग को विशेष मरम्मत योजना में शामिल किया गया है। यह मार्ग मुरादगंज, बीझलपुर और भासौन गांवों को सीधे जोड़ता है।
इसके अलावा आसपास के गांव बरौली, हरचंदपुर, नगला हरि, कटरा पिपरौली और रामपुरा के ग्रामीण भी इसी रास्ते से होकर बाजार, स्वास्थ्य केंद्र और तहसील मुख्यालय तक पहुंचते हैं। क्षेत्र की अनुमानित आठ से 10 हजार की आबादी को इस सड़क से सीधा लाभ मिलेगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार मरम्मत कार्य के तहत सड़क की सतह को दुरुस्त कर नई परत डाली जाएगी, साथ ही जल निकासी की व्यवस्था भी सुधारी जाएगी। विभाग के अधिशासी अभियंता अमर सिंह ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद कार्य शुरू करा दिया जाएगा।