अछल्दा। एसओजी और अछल्दा थाना पुलिस ने शनिवार देर रात मुखबिर की सूचना पर 25 हजार के इनामी वांछित की गिरफ्तारी को लेकर घसारा नहर पुल पर चेकिंग शुरू की। इसी बीच बाइक सवार दो संदिग्ध मौके से गुजर रहे थे। जैसे ही उनकी नजर पुलिस पर पड़ी, तेजी से निकलने के चक्कर में बाइक फिसल गई।
मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो उनमें से एक आरोपी ने पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिया। घटनास्थल पर पहुंचे एसपी अभिजीत आर शंकर ने बताया कि बचाव को लेकर पुलिस की तरफ से की गई जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के दाहिने पैर पर गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसी बीच दूसरा आरोपी मौका पाकर फरार हो गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का नाम सर्वेंद्र कुमार यादव उर्फ सर्वेश निवासी नगला पंछी थाना कुर्रा थाना व जिला मैनपुरी है।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ दिल्ली, उत्तर प्रदेश सहित अन्य प्रदेशों में 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज किया जा रहा है, जबकि फरार हुए दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं। गिरफ्तार किए गए अपराधी के पास से एक तमंचा दो जिंदा कारतूस व एक बाइक बरामद की गई है। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।
बता दें कि करीब 20 दिन पहले बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर नगला कहारन निवासी अवनीश कुमार व उसकी पत्नी रितिका बाइक से अपने घर जा रहे थे। सर्विस रोड पर ग्राम सुभानपुर के पास नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर मारपीट करते हुए रितिका के जेवरात सहित नकदी लूट ली थी। पुलिस की जांच में इस वारदात में हिस्ट्रीशीटर सर्वेंद्र कुमार यादव भी संलिप्त था।
इसमें से जेवरात खरीदने वाले इटावा निवासी सुनार शालिनी ज्वैलर्स कृष्ण गोपाल को करीब एक सप्ताह पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। एसपी अभिजित आर शंकर ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर पकड़ा गया है। आरोपी दंपती के साथ हुई लूट की घटना में शामिल था। चेकिंग के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है। आरोपी का उपचार कराया जा रहा है।