दिबियापुर। नगर समेत आसपास के कई गांवों में जलभराव का स्थायी समाधान खोजने की कवायद एक बार फिर से शुरू हुई है। एडीएम ने दिबियापुर पहुंचकर जलभराव से निजात के लिए स्थलीय निरीक्षण किया। विकास कुंज से लेकर औरैया रोड होते हुए मंगलपुर रजबहा तक नाले की जमीन चिह्नित कर खुदाई कराने के निर्देश दिए। विकास कुंज के किनारे बने सिंचाईं विभाग के नाले पर अतिक्रमण देखकर एडीएम भड़क गईं और हटवाने के निर्देश दिए।
विधानसभा चुनाव के दौरान क्षेत्र के जमुहां, घेरा, केंजरी, झाबर का पुर्वा, ककराही गांव समेत नगर से सटी विकास कुंज कालोनी एवं नगर दिबियापुर में जलभराव के मुद्दे ने सुर्खियां बटोरी थीं। कई गांवों के लोगों ने चुनाव में मतदान न करने की चेतावनी भरे बैनर गांवों में टांगकर विरोध जताया था।
तुरंत प्रशासनिक स्तर पर जलभराव से निजात के लिए एनटीपीसी कालोनी के किनारे नाला खोदकर प्रयास भी किया गया। लेकिन इस नाले की खुदाई से जलभराव की समस्या का कोई हल नहीं निकला। अब जब एक बार फिर से शिकायतों का दौर शुरू हुआ तो शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी रेखा एस चौहान ने एसडीएम मनोज कुमार सिंह, सिंचाईं विभाग के एक्सईएन पीएस पटेल, नगर पंचायत की ईओ मोनिका उमराव, सिंचाईं विभाग के सहायक अभियंता सतीश कुमार आदि के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।
विकास कुंज के किनारे बने सिंचाईं विभाग के नाले पर अतिक्रमण देखकर एडीएम भड़क गईं। राजस्व कर्मियों ने बताया कि अभिलेखों में नाला चार मीटर चौड़ा है पर मौके पर नाला काफी कम है। लेखपाल को अभिलेखों के अनुसार, विकास कुंज से लेकर औरैया रोड पर मंगलपुर रजबहा तक नाले की जमीन चिह्नित कर सीमांकन करने के निर्देश दिए। सिंचाईं विभाग सीमांकन के बाद चिह्नित नाले की खुदाई कराकर जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराएगा।
दिबियापुर चेयरमैन अरविंद पोरवाल, ग्राम जमुहां की प्रधान के पति रामकिशोर, गांव घेरा से पहुंचे बलवान सिंह, नागेंद्र सेंगर आदि ने जल्द से जल्द जलभराव से निजात की मांग की। जिससे बरसात में परेशानियों का सामना न करना पड़ेगा। इसके अलावा औरैया रोड स्थित नाले को साफ कराने की मांग भी की। फिर एडीएम ने अधिकारियों के साथ पहुंचकर घेरा एवं केंजरी गांवों में भी जलभराव की स्थिति देखी। कहा कि जल्द ऐसा प्रयास किया जाएगा, जिससे लोगों को जलभराव न झेलना पड़े।