औरैया। बिधूना के बंसई गांव स्थित एक घर से स्वास्थ्य विभाग और पुलिस टीम ने छापामार कर सरकारी दवाइयां बरामद की थीं। स्वास्थ्य विभाग ने मिलान कराया तो बरामद दवाएं औरैया जिले की नहीं थीं। इस पर सीएमओ ने शासन को बरामद दवाइयों की जांच कराने के लिए पत्र लिखा है।
तीन मई को एक सूचना पर बिधूना सीएचसी अधीक्षक डॉ. सिद्धार्थ वर्मा ने पुलिस के साथ बंसई गांव निवासी विनोद कुमार दुबे के घर पर छापा मारा तो वहां से 23 ब्रांडेड दवाइयां बरामद हुई थीं। तब सीएचसी अधीक्षक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि सरकारी दवाओं के बरामद होने के बाद जिले के सभी सरकारी अस्पतालों व स्टोर का स्टाक चेक कराया गया।
जिस बैच की दवाएं बरामद हुईं, वह जिले में आपूर्ति नहीं हुई हैं। बरामद सरकारी दवाइयां किस जिले के लिए शासन से आपूर्ति की गई। इसकी जांच कराने के लिए शासन को पत्र लिखा गया है। बताया कि शासन से इसकी रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी। जिस जिले से दवाइयां बिक्री के लिए भेजी गईं उसके खिलाफ कार्रवाई भी शासन स्तर से ही होगी।