बिधूना। युवक ने मंगेतर से दुष्कर्म किया। युवती के पिता ने होने वाले दामाद व उसके घरवालों पर दहेज के लिए धमकाने व शादी तोड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवती के पिता की तहरीर पर आरोपी युवक और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बिधूना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के पिता ने पुलिस को बताया कि उसने बेटी की शादी कन्नौज के सौरिख बस स्टैंड निवासी अंकित उर्फ निक्की पुत्र प्रमोद कुमार शर्मा के साथ तय की थी। गोद भराई और तिलक समारोह भी हो चुके थे। मंगलवार को बेटी की बरात आनी थी। पिता के मुताबिक बीती 28 अप्रैल को अंकित व उसकी बहन घर आए और दहेज में एक लाख रुपये की मांग की।
वह रुपयों का इंतजाम करने के लिए रुरूगंज चला गया। घर पर पत्नी और बेटी अकेली थी। बहाना बना कर अंकित की बहन उनकी पत्नी को बाजार ले गई। तभी अंकित ने बेटी के साथ दुष्कर्म किया और परिजनों को बताने पर शादी तोड़ने की धमकी दी।
लोकलाज की वजह से बेटी ने घर पर किसी को कुछ नहीं बताया। रविवार को अंकित के पिता ने फोन कर दहेज में कार की मांग कर दी। मना करने पर उन्होंने बरात लाने से इंकार कर दिया। कोतवाली प्रभारी सुजीत वर्मा ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर अंकित के खिलाफ दुष्कर्म और पिता समेत परिवार के तीन अन्य सदस्यों के खिलाफ साजिश रचने, धमकाने आदि की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।