फोटो 05एयूआरपी39- ब्रेक शू में आई खराबी से अछल्दा रेलवे स्टेशन पर खड़ी राजधानी एक्सप्रेस
- फोटो : AURAIYA
अछल्दा (औरैया)। शनिवार की शाम अछल्दा स्टेशन से होकर गुजर रही राजधानी एक्सप्रेस के ब्रेक शू जाम होने की वजह से ट्रेन के चालक को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोकना पड़ा। इसके बाद ट्रेन को धीमी गति से अछल्दा रेलवे स्टेशन पर लाया गया। ट्रेन के ब्रेक शू जाम होने की सूचना पर रेलवे कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और उसको ठीक किया गया। इसके बाद पूरी जांच पड़ताल के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान करीब 15 मिनट तक ट्रेन अछल्दा रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही।
दिल्ली हावड़ा रूट के अछल्दा रेलवे स्टेशन पर उस समय हडकंप मच गया। जब राजधानी एक्सप्रेस के ब्रेक शू जाम होने की जानकारी मिली। देर शाम 8 बजे करीब नई दिल्ली से सियालदाह जा रही 2314 राजधानी एक्सप्रेस के ब्रेक शू जाम हो गए। पहियों से चिंगारी निकलने लगीं। इसके बाद चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक लिया और अछल्दा स्टेशन मास्टर को जानकारी दी।
इसके बाद ट्रेन को धीमी गति से अछल्दा रेलवे स्टेशन पर लाया गया। ट्रेन के अछल्दा स्टेशन पहुंचते ही रेलवे कर्मचारी मरम्मत करने में जुट गए। इसके बाद राजधानी एक्सप्रेस को 8 बजकर 20 मिनट पर रवाना किया गया। वहीं इस दौरान पीछे आउटर पर अन्य ट्रेनें खड़ी रहीं।
उधर, अछल्दा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के आवागमन के चलते क्रासिंग शाम लगभग सात बजे बंद कर दिया गया था। इसी दौरान कई ट्रेनें उधर से गुजरीं। इस कारण से गेट नहीं खोला जा सका। जब गेट खोलने का समय हुआ तभी राजधानी एक्सप्रेस के ब्रेक शू में खराबी आने की जानकारी मिली। तो फिर गेट नहीं खोला जा सका। इस कारण से लोग एक घंटे से अधिक समय तक जाम में फंसे रहे। वाहनों की लंबी लाइन लग गई। आठ बजकर 20 मिनट पर जब राजधानी एक्सप्रेस रवाना हुई। इसके बाद गेट खोला जा सका।