बेला। स्वास्थ्य विभाग की ओर से हाल ही में की गई कार्रवाई के बावजूद क्षेत्र में झोलाछाप सक्रिय है। गांव बेला, याकूबपुर, पिपरौली शिव समेत आसपास के गांवों में कई लोगों द्वारा बिना वैध दस्तावेज और आवश्यक लाइसेंस के क्लीनिक संचालित कर मरीजों का उपचार किए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ कथित क्लीनिकों पर मरीजों से मनमानी फीस वसूलने, महंगी दवाएं देने तथा बोतल और ड्रिप लगाने जैसी गतिविधियां की जा रही हैं। इससे मरीजों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कुछ दिन पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो क्लीनिक सीज किए थे, जबकि दो लोगों को नोटिस जारी किए गए थे।
इसके बाद भी झोलाछाप मरीजों का उपचार कर रहे हैं। सीएचसी अधीक्षक बेला डॉ. चंद्रशेखर ने बताया है कि जानकारी मिली है, जल्द अभियान चलाकर इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।