पाली (हरदोई)। कस्बा में अंडा विक्रेता और हिस्ट्रीशीटर की बीच मारपीट के मामले में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर का बाजार में जुलूस निकाला। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर से अपराध न करने की कसम खिलवाकर हाथ जोड़कर माफी मंगवाई। अंडा विक्रेता की तहरीर पर हिस्ट्रीशीटर का चालान कर दिया गया।
मोहल्ला काजी सरायं निवासी राजू गुप्ता की मुख्य बाजार में प्राथमिक स्कूल के पास अंडे की दुकान है। मोहल्ला सरायं सैफ निवासी वीरू मिश्रा के भाई सोनू की कवाब पराठे की दुकान भी पड़ोस में है। शनिवार सुबह करीब आठ बजे राजू की दुकान पर अंडे से भरा लोडर आया था। जिसको पीछे करने में लोडर वीरू के भाई की दुकान के बाहर बंधी पन्नी में छू गया। इसी बात पर दोनों में विवाद शुरू हो गया। राजू ने पहले वीरू से मारपीट की, जिस पर वीरू ने डंडे से अंडों की कई क्रेटें फोड़ दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों को थाने ले आई। पुलिस ने राजू की तहरीर पर वीरू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। दोपहर करीब 2 बजे पुलिस ने वीरू के दोनों हाथ जुड़वाकर बाजार में जुलूस निकाला और दुकानदारों से माफी मंगवाई।
प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र पांडेय ने बताया कि वीरू हिस्ट्रीशीटर है और पांच मुकदमे दर्ज हैं। शांतिभंग की आशंका पर उसका चालान किया गया है।