बिधूना। आस्था के प्रतीक सावन माह में शिव की आराधना करने वालों के लिए महंगाई बढ़ गई है। मांग ज्यादा होने से फल, फूल, मेवा व मिष्ठान के भाव आसमान छूने लगे हैं।
बाजार में सेब का भाव 250 रुपये किलो तक पहुंच गया है। फूलों के दाम में भी 20 से 30 फीसदी तक इजाफा हुआ है। सावन में भक्त उपवास रखते हैं। इसके अलावा घरों व मंदिरों में पूजा करते हैं। ऐसे में फलों व फूलों की खपत बढ़ने से इनके दाम आसमान छूने लगे हैं।
मंगलवार को बाजार में आम 30 की जगह 60 रुपये किलो बिका। सेब 240 से 300 रुपये किलो, केला 60 रुपये किलो, अनार 150 रुपये व पपीता 60 की जगह 90 रुपये किलो बिका। नारियल भी 80 रुपये प्रति पीस रहा।
किराना व्यापारी सुधीर ने बताया कि मेवा के दाम में अधिक बढ़ोतरी नहीं हुई, लेकिन पहले से कुछ दाम बढ़ गए हैं। बादाम व काजू एक हजार रुपये किलो, किशमिश 480, गरी 380, छुआरा 290 से 350 रुपये किलो तक बिक रहा है।
उधर, फूल व्यापारी अमन चौहान ने बताया कि सावन व बारिश के कारण फूलों के दामों में बढ़ोतरी हुई है। फूलों के दामों 20 से 40 रुपये प्रति किलो तक बढ़ोतरी हुई है। गुलाब 150 रुपये किलो, गेंदा 200, चमेली 350 रुपये किलो बिक रहा है। फल विक्रेता श्यामजी व पवन ने बताया कि बाजार में आम, सेब, केला व अनार के भाव काफी बढ़े हैं।