सहायल(औरैया)। सहार ब्लॉक के सौथरा गोशाला में गोवंश को चारा और पानी न देने की शिकायत पर पहुंचीं प्रधान और उनके पति से एनजीओ के सेवादारों ने गाली-गलौज और हाथापाई की, उन्हें गोशाला से खदेड़ भी दिया। प्रधान ने थाने जाकर एनजीओ के लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
थाने में दी तहरीर में प्रधान सगुना देवी ने बताया कि गोशाला की देखरेख की जिम्मेदारी जिला प्रशासन ने एनजीओ को दे रखी है। ग्रामीणों ने गोवंशों को चारा पानी न मिलने और कई गोवंश की मौत होने की जानकारी दी थी। इस पर वह सोमवार सुबह वह पति हरिकेश के साथ गोशाला पहुंचीं। गेट पर ताला बंद था और बाहर लगे नोटिस में बिना अनुमति प्रवेश मना है लिखा था।
प्रधान के अनुसार उन्होंने अपना परिचय देकर गेट खोलने की बात कही। आरोप है कि गोशाला में मौजूद एनजीओ के लोग गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर तीन चार लोगों ने बाहर आकर उनके साथ व पति के साथ हाथापाई की। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच चौकी प्रभारी को दी गई है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान सगुना देवी ने गोशाला में व्याप्त अव्यस्थाओं को लेकर 23 जुलाई को बीडीओ से शिकायत की थी। इसमें प्रधान ने आरोप लगाया था कि गोशाला में दाना, चारा और पानी के अभाव में आए दिन गोवंश मर रहे हैं। एनजीओ के लोग ठीक से गोवंश की देखभाल नहीं कर रहे हैं। गोशाला के अंदर का कोई हाल न जान सके, इसके लिए एनजीओ संचालक ने गेट पर ताला डलवा रखा है। प्रधान ने 23 जुलाई को चार गोवंशों की मौत होने की सूचना भी दी थी। किंतु बीडीओ ने ध्यान नहीं दिया।