औरैया। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन के प्रांतीय आह्वान पर मांगों के समर्थन में सोमवार को जूनियर इंजीनियरों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान इंजीनियरों ने सरकार विरोधी नारेबाजी कर मांगों को पूरा किए जाने की आवाज बुलंद की।
बिजली कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे जूनियर इंजीनियर संगठन की जिला इकाई अध्यक्ष इंजीनियर शिवदत्त ने कहा कि सरकार की ओर से 24 अक्तूबर तक की समय सीमा तय की गई थी। लेकिन तय सीमा में मांगों पर कोई विचार नहीं किया गया।
जिसके चलते प्रांतीय आह्वान पर संगठन के लोगों ने स्थिगित आंदोलन को फिर से शुरू कर दिया है। संगठन के जिलामंत्री इंजीनियर नरेंद्र कुमार ने कहा कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता, इसी तरह से आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर एसडीओ सदर महेंद्र कुमार, जेई विवेक खरे, जेई आमोद आनंद, जेई सुभाष यादव आदि जूनियर इंजीनियर रहे।