फोटो-26- धान के खेत में गिरा पड़ा बिजली का खंभा।संवाद
अछल्दा। क्षेत्र के मोहम्मदाबाद फीडर से जुड़ी हाईटेंशन लाइन का एक खंभा खेत में गिर पड़ा। इससे 12 से अधिक गांवों की 17 घंटे तक आपूर्ति ठप रही। इससे करीब पांच हजार से अधिक आबादी प्रभावित हुई और लोगों के कई समस्याओं का सामना करना पड़ा। हालांकि रविवार दोपहर नया खंभा लगाकर आपूर्ति चालू कर दी गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बैसोली,महेवा अड्डा, गपकापुर, नगला दीन, नगला खगा व बैसोली अड्डा सहित 12 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति शनिवार शाम लगभग सात बजे ठप हो गई। जानकारी करने पर पता चला कि महेवा रोड स्थित बैसोली पेट्रोल पंप के पीछे खेत में मिट्टी के कटान से हाईटेंशन लाइन का एक बिजली का खंभा खेत में गिर गया है। इससे बिजली के तार खेत में पड़े हैं। गनीमत रही कि जिस समय खंभा गिरा, उस समय बिजली आपूर्ति बंद थी।
उपभोक्ताओं ने बताया कि करीब 17 घंटे से अधिक आपूर्ति ठप रहने से करीब पांच हजार लोगों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। इसके अलावा मोटरें न चलने से पानी की किल्लत हुई और उमसभरी गर्मी में कूलर व पंखे शोपीस और लोग बेहाल रहे। जेई अनुज पाठक ने बताया कि नया खंभा लगाकर कर रविवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई है।