औरैया। पिछले दो महीने से लड़खड़ाई बिजली आपूर्ति के कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। वहीं इधर लगभग 15 दिनों से कुछ सुधार देखने को मिलने लगा था, लेकिन बारिश और तेज आंधी ने एक बार फिर बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई है।
गुरुवार की रात लगभग 11 बजे अचानक तेज हवाएं चलना शुरू हुआ। गर्मी से परेशान लोगों ने कुछ राहत की उम्मीद दिखी, लेकिन इसी दौरान बिजली कटौती होने पर उनकी मुश्किलें बढ़ गई। बिजली गुल होते ही लोग घरों की छतों पर दिखाई दिए। तेज आंधी के कारण शहर के मोहल्ला रुहाई, निझाई, पढ़ीन दरवाजा, बहन टोला, गोविंद नगर, होमगंज के उपभोक्ता परेशान हुए। हालांकि फाॅल्ट को ठीक कर कुछ ही घंटों में सप्लाई शुरू होने पर उपभोक्ताओं ने राहत महसूस की। लेकिन बिजली उपकेंद्र द्वितीय के अंतर्गत आने वाले गांवों में अधिक समय तक आपूर्ति बाधित देखने को मिली।
-
हल्की बारिश से 11 घंटे बिजली ने किया परेशान, पूरी रात परेशान रहे लोग
ककोर। गुरुवार की रात चली तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी से जिला मुख्यालय ककोर के आसपास के 100 से अधिक गांवों की बिजली रात 11 बजे से शुक्रवार की सुबह 10 बजे तक बाधित रही। इस कारण ग्रामीण क्षेत्र लोगों को पूरी रात जागकर गुजारनी पड़ी। ग्रामीण उपभोक्ताओं ने विभागीय कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों को फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन न रिसीव होने पर लोगों में विभागीय अधिकारियों के प्रति आक्रोश दिखा। लगभग 13 घंटे तक जौरा फीडर, कंचौसी फीडर, दौलतपुर फीडर में करीब एक सैकड़ा से अधिक गांव मखनपुर, दखलीपुर, इटाहा, नौली, लालपुर, जौरा, दौलतपुर, चिचौली, ऊमरसाना, सौंधेमऊ. चपोली, नया पूर्वा, आजादपुर आदि गांव के लोग परेशान हुए। (संवाद)
वर्जन
बीती रात तेज हवा के चलते सप्लाई नहीं चल पाई है बार-बार लाइन फाल्ट हो जाने के कारण फीडर बंद हो गये थे मौसम साफ होते ही सप्लाई सुचारू रूप से चालू हो जाएगी
- विवेक खरे, जेई
-
बारिश के चलते लगभग दो घंटे बाधित रही आपूर्ति
अछल्दा। गुरुवार रात साढ़े 11 बजे तेज बारिश देखने को मिली। इसके चलते ठप हुई बिजली आपूर्ति लगभग दो घंटे से अधिक समय बाद चालू हो सकी। इस दौरान कस्बे की आधी आबादी को परेशान का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान एलटी लाइन में फाल्ट के चलते आपूर्ति बाधित हुई थी। जिस कारण हरीगंज बाजार, ब्लॉक चौराहा, कलेक्टरगंज की लाइट के जंफर हटाने पर नहर बाजार, सराय बाजार, स्टेशन बाजार, नेविलगंज के उपभोक्ताओं को बिजली कटौती से जूझना पड़ा। (संवाद)
-
20 गांवों के उपभोक्ता 10 घंटे तक बिजली संकट से जूझे
रुरुगंज। रुरुगंज में गुरुवार की देर रात बारिश के चलते फाॅल्ट से 20 गांवों के सैकड़ों उपभोक्ताओं को पूरी रात बिजली संकट से जूझना पडा। वहीं शुक्रवार की सुबह उन्हें पीने के पानी के लिए भटकना पड़ा। फॉल्ट के चलते उप केंद्र अछल्दा के अंतर्गत आने वाले बरके पुरवा, भूठा कुसमरा, कोठी, पूर्वा गुमानी, पुरवा मुनुशाह, रुरुखुर्द, रौरी, खरगपुर, कछपुरा, सराय महाजनान समेत 20 गांवों की बिजली बंद रही। शुक्रवार सुबह लाइनमैन रामजीत शर्मा ने सराय महाजन के पास हाईटेंशन लाइन पर पेड की टूटी डाली हटाई और तार जोड़कर सुबह नौ बजे आपूर्ति बहाल कराई। जेई मोहित रस्तोगी ने बताया कि पेड की डाल टूटकर हाईटेंशन लाइन पर गिरने के कारण तार टूट गया था। जिसे ठीक करने के बाद आपूर्ति बहाल करा दी गई है। (संवाद)
-