फफूंद (औरैया)। पाता ओवरब्रिज के पास बृहस्पतिवार को दिल्ली हावड़ा डीएफसी लाइन पर 25 वर्षीय महिला मरी मिली थी। अभी तक उसके मालगाड़ी से कटने पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई।
पुलिस ने मामले में मृतका के मामा की तहरीर पर परिजनों के खिलाफ उत्पीड़न करने की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस खंगालने में जुटी है।
बृहस्पतिवार रात थाना क्षेत्र के पाता ओवरब्रिज के पास दिल्ली हावड़ा डीएफसी डाउन लाइन चेक कर रहे ट्रैकमैन अमरजीत ने एक महिला का शव पड़ा देखा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई तो महिला की पहचान गांव देवी पुर्वा निवासी प्रेमलता (25) पुत्री रामबरन के रूप में हुई थी।
पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो वहां मौजूद मृतका के मामा जालौन जनपद के शंकरपुर निवासी सर्वेश कुमार ने भांजी की हत्या किए जाने का संदेह जताया।
उन्होंने अंतिम संस्कार रुकवा दिया था। ऐसे में परिजनों ने जबरदस्ती महिला का अंतिम संस्कार कर दिया था। इस पर मृतका के मामा ने भांजी की हत्या करके शव ट्रैक पर रखने को लेकर पुलिस से शिकायत की।
पुलिस भी आत्महत्या का मामला मान बैठ थी, लेकिन शनिवार शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की मौत की वजह हैंगिंग आने पर मामा की तहरीर पर परिजनों के खिलाफ उत्पीड़न व आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की।
प्रभारी फफूंद थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से महिला का हाथ कट गया था। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग आने से महिला की मौत की बारीकी से जांच पड़ताल की जा रही है। मृतका के मामा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।