अजीतमल। शासन के निर्देश पर तालाबों को पुराने स्वरूप में वापस लाने के लिए तहसील प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। सोमवार देर शाम एसडीएम निखिल राजपूत ने लेखपालों के साथ कस्बे में स्थित विभिन्न तालाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तालाबों की नाप-जोख कर लेखपालों को अतिक्रमणकारियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए।
बाबरपुर-अजीतमल नगर पंचायत क्षेत्र में करीब छह प्रमुख तालाब हैं। स्थानीय लोगों ने लंबे समय से इन तालाबों पर अतिक्रमण कर रखा है। पूर्व में भी अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाए गए और कुछ मामलों में नोटिस जारी किए गए, लेकिन तालाबों को उनका पुराना स्वरूप नहीं मिल सका। इसको लेकर क्षेत्रीय लोगों की ओर से लगातार शिकायतें भी की जा रही हैं।
एसडीएम ने सूर्य नगर रोड, आंबेडकर नगर, अजीतमल तिराहा और गांधी नगर सहित कस्बे के विभिन्न स्थानों पर स्थित तालाबों का निरीक्षण किया। उन्होंने लेखपालों को तालाबों की भूमि की सही पैमाइश कराने और उस पर हुए अतिक्रमण को चिह्नित कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने बताया कि तालाब की भूमि पर अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी किए गए हैं। जिन मामलों में नोटिस नहीं दिए गए हैं, उनमें भी कार्रवाई की जाएगी। शीघ्र ही अभियान चलाकर तालाबों की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।