औरैया। मेडिकल कालेज समेत अन्य परियोजनाओं की सौगात देने पहुंचे सीएम ने पंडाल में भारी भीड़ देख खुशी जाहिर की। कहा, कि दिवाली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, गोपाष्टमी और अध्यात्मिक कार्यों में जिस तरह जनमानस में उत्साह है। उसी तरह सरकार भी उत्साह के साथ विकास की योजनाओं पर तेजी से काम कर रही हैं।
उन्होंने कहा कुछ दिन पहले औरैया आए थे। यहां राजस्थान से चंबल में पानी छोड़ा गया। जिससे औरैया जिला भी बाढ़ की त्रासदी का शिकार हुआ। यहां पर किसानों की फसलों, घरों को नुकसान हुआ था। इससे पहले बाढ़ आई तो कोई पूछता नहीं था। आज पार्टी के नेता, मंत्री और अधिकारियों के साथ वह खुद आगे आकर पीड़ितों को लाभ दिया। सरकार का संवेदनशील रवैया है।
किसान, महिला, युवा और समाज के किसी भी तबके का व्यक्ति हो शासन की योजना से लाभान्वित हो सकें। इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। औरैया में मेडिकल कालेज का यह सपना प्रधानमंत्री ने पूरा किया। प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत सपना साकार हो रहा है। इसके लिए यहां के सांसद, विधायक बधाई के पात्र हैं। सीएम ने भीड़ में एक महिला का उत्साह देखकर अच्छे सांसद, विधायक चुनने के लिए जोश भरा।
इन 12 परियोजनाओं की दी सौगत
मेडिकल कालेज समेत राम मनोहर लोहिया 50 शय्या नेत्र चिकित्सालय, भगौतीपुर में ट्रामा सेंटर का लोकार्पण, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बबुआ का लोकार्पण, 50 शय्या मैटरनिटी विंग का लोकार्पण, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत किसान कल्याण केंद्र भाग्यनगर का लोकार्पण, अग्निशमन केंद्र बिधूना, अरिंद नदी पुल, 184 पंचायत भवन, 415 सामुदायिक शौचालय, 284 मार्ग का लोकार्पण, 59 मार्गों का शिलान्यास, वृहद गोसंरक्षण केंद्र राजुआमऊ का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने जिले में मिल रहीं योजनाएं गिनाई
मुख्यमंत्री ने जिले के लोगों से सरकार की योजनाओं को गिनाया। सीएम ने कहा कि आज जिले में आयुष्मान भारत के तहत 63083 परिवारों को गोल्डन कार्ड जारी हुए हैं। किसान सम्मान निधि के तहत 246 करोड़ रुपये की राशि अन्नदाता किसानों के खाते में जा चुकी है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत एक लाख 64 हजार किसानों को लाभान्वित किया जा चुका है। प्रधानमंत्री योजना के तहत 25 हजार परिवारों को लाभ मिला। 184 पंचायत भवनों का निर्माण कराया गया है। एक लाख 50 हजार व्यक्तिगत शौचालय दिए हैं। 519 सामुदायिक शौचालय बनाए जा चुके हैं। दो लाख 26 हजार 500 लोगों को अनाज दिया जा रहा है। सरकार बिना भेदभाव के पात्रों को लाभ दे रही है।
जल्द मिलेगा खाद्यान योजना का लाभ
मुख्यमंत्री ने मंच से प्रदेश वासियों को दिसंबर में दी जाने वाली खाद्यान योजना के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में सरकार ने लोगों को लाभ पहुंचाने का काम किया है। अभी कोरोना काल खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में सरकार ने तय किया है कि दिसंबर, जनवरी, फरवरी और मार्च में 15 करोड़ अन्त्योदय और पात्र गृहस्थी कार्ड के लोगों 33 किलो खाद्यान देंगे। जिसमें गेहूं और चावल के साथ एक किलो दाल, तेल, एक किलो नमक, एक किलो चीनी भी उपलब्ध कराएंगे। पात्र गृहस्थी परिवार को प्रति यूनिट पांच किलो खाद्यान देंगे। दिसंबर में योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
डीजल-पेट्रोल के दाम में 12-12 रुपये कटौती
बढ़ती महंगाई पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने डीजल और पेट्रोल के एक्साइज ड्यूटी पर भारी कटौती करवा दी है। प्रदेश सरकार ने सहयोग करते हुए पेट्रोल और डीजल में 12-12 रुपये की कटौती की है। जिससे प्रदेश की जनता को काफी राहत मिली है। किसान और नौकरी पेशा युवाओं को भी राहत पहुंची है।
किसी को सिफारिश की जरूरत नहीं
ककोर मैदान में कार्यकर्ता और ग्रामीण क्षेत्र से आए लोगों में उत्साह देखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ सबका विकास के मंत्र पर काम कर रही है। आज इसी मंत्र के साथ हर तबके को बिना किसी सिफारिश के नौजवान को नौकरी, गरीब को खाद्यान, किसान को सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। एक जनपद एक योजना का लाभ दिया जा रहा है।
पंचनद परियोजना को बढ़ाएंगे
कार्यक्रम के दौरान मंच से सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया ने पंचनद परियोजना पर ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा कि 1976 से परियोजना अधूरी पड़ी है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने इस परियोजना को पूरा कर बांध बनाने का क्षेत्र की जनता से वादा किया था, लेकिन आज तक पूरा नहीं किया गया। प्रदेश सरकार ने योजना के लिए 180 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इसको लेकर मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पंचनद परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने निर्णय लिया है। इसे आगे बढ़ाएंगे। इटावा, औरैया के साथ आसपास के जनपदों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी।
वर्ष 2022-23 के लिए होंगे प्रवेश : स्वास्थ्य मंत्री
प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनते ही चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं का इजाफा हो रहा है। प्रथम फेज में सिद्धार्थनगर में नौ मेडिकल कालेज का शिलान्यास करके शुरुआत की गई है। दूसरे फेज में सुल्तानपुर, गोंडा, कुशीनगर, बिजनौर, चंदौली और औरैया का शिलान्यास किया जा रहा है। तीसरे चरण में अमेठी, कौशांबी, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, ललितपुर, कानपुर देहात, सोनभद्र, बुलंदशहर किया जाएगा। जिले में 280 करोड़ की लागत से बनने वाला मेडिकल कालेज मई 2021 से बनना शुरू हुआ था। लोक निर्माण विभाग इसे नवंबर 2022 तक पूरा करेगा। वर्ष 2022-23 के लिए इसमें प्रवेश लिए जाएंगे।