औरैया। किसान आंदोलन के नाम पर भाजपा विरोधी दलों के नेता अपना अस्तित्व बचाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं। भाजपा सरकार ने हमेशा किसानों के हित में फैसले लिए हैं। तीनों कृषि कानून किसानों के हित में हैं। इसके दूरगामी परिणाम देखने को मिलेंगे। यह बात इटावा के सांसद डॉ.रामशंकर कठेरिया ने कही। वह मंगलवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
सांसद डॉ.रामशंकर कठेरिया ने कहा कि किसानों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति कर रहे दलों की राजनीति सफल नहीं होगी। किसान आंदोलनों में किसान नहीं दिखाई दे रहे है। विरोधी दलों के कार्यकर्ता ही आंदोलन में हिस्सा ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एमएसपी के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की गई। किसानों को गुमराह किया जा रहा कि उनकी जमीन जा सकतीं हैं। उन्होंने कहा कि नये कृषि कानून से किसानों का हित होगा, उनकी फसल अच्छे दामों में बिकेगी। मंडियां ज्यों कि त्यों काम करेंगी। बिचौलिये समाप्त होंगे। सीधे किसानों को लाभ मिलेगा। भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्रा ने कहा कि किसान हित में भाजपा सरकारें हमेशा से प्रयासरत रहीं हैं। पत्रकारों से बातचीत के दौरान ब्लाक प्रमुख सदर सौरभ भूषण शर्मा व जिला मीडिया प्रभारी दिलीप मिश्रा के अलावा भुवन प्रकाश गुप्ता, रजनीश पांडेय, अनुराग मिश्रा व सोनू सोनी आदि मौजूद रहे।