अजीतमल। युवती और उसके भाई के फांसी लगाने के मामले मेें पुलिस ने मां की तहरीर पर प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
युवती की मां ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी बेटी के प्रेम संबंध मैनपुरी जिला के एलाऊ थाना क्षेत्र के कसड्ड निवासी अजीत कुमार के साथ थे। अजीत का उसके घर आना-जाना था। आरोप लगाया कि उसने बेटी के साथ दुष्कर्म कर वीडियो बनाया। लगातार बेटी को प्रताड़ित कर रहा था।
18 मई को आरोपी घर आया तो बेटी से उसका विवाद हुआ। इसी से क्षुब्ध होकर बेटी ने फांसी लगा ली। बेटी के मौत के बाद आरोपी ने फरीदाबाद में नौकरी कर रहे बेटे को फोन कर बेटी की मौत की जानकारी दी। घटना से आहत होकर इसी दिन बेटे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
कोतवाली प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।