दिबियापुर (औरैया)। कंचौसी क्षेत्र के परसाद का पुर्वा में एक महिला का शव संदिग्ध हालात में फंदे पर लटका मिला। सूचना पर मंगलवार शाम पहुंचे फिरोजाबाद निवासी महिला के पिता ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मंगलवार शाम दिबियापुर थाने पहुंचे श्रीनिवास निवासी रानीपुरा मठसेना फिरोजाबाद ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी रेखा देवी (30) की शादी लगभग 11 वर्ष पहले परसाद पुर्वा के पुष्पेंद्र पुत्र हरीओम के साथ की थी। मंगलवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी का शव घर पर फंदे से लटका हुआ है।
इस पर वह फिरोजाबाद से यहां पहुंचे हैं। उन्होंने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक विकास राय ने बताया कि मृतका के ससुरालियों से पूछताछ की जा रही है। मृतका के पिता की सूचना पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।